सभी की आंखें, जैसे इस यादगार लम्हे को कैमरे की मानिंद शूट कर रहीं थीं। सभी की निगाहें अपने-अपने लक्ष्य पर थीं। जैसे डांस करती हुई, जेनिथ की निगाहें रह-रह कर तौफीक की ओर जा रहीं थीं।
उसने सोच रखा था कि जैसे ही 12:00 बजे लाइट ऑफ होगी। उसे भागकर तौफीक के पास पहुंचना है। जेनिथ, तौफीक के साथ ही न्यू ईयर सेलिब्रेट करना चाहती थी। तौफीक की भी निगाहें स्टेज पर ही थीं। लॉरेन की निगाहें, अपने बॉयफ्रेंड पर थीं। सुयश पूरे हॉल में नजरें दौड़ा कर, अपराधी को ढूंढने की कोशिश कर रहा था। ऐलेक्स की नजरें क्रिस्टी पर और क्रिस्टी की नजरें लॉरेन पर थीं। लारा अपने सिक्योरिटी के इंतजाम को चेक करने में व्यस्त था। ब्रैंडन की नजर सिर्फ और सिर्फ जॉनी पर थी। अलबर्ट डिसूजा, मारिया के साथ व्यस्त थे। उनसे कुछ दूरी पर खड़े माइकल, मारथा व शैफाली भी अपने आप में व्यस्त थे।
उधर जॉनी ने जैक को पहले ही बता दिया था, कि लाइट ऑफ होते ही वह जेनिथ की ओर जाएगा और उसे किस करके दिखाएगा। जॉनी का यह सोचना था कि 1 मिनट के अंधेरे में वह जेनिथ को किस करके वापस आ जा एगा। इसलिए वह स्टेज के पास खड़ा था और उसकी निगाहें लगातार जेनिथ की ओर थीं।
जैक, जॉनी का यह कारनामा देखना चाहता था, इसलिए उसने अपनी जेब में अंधेरे में देख सकने वाला चश्मा डाल डाल रखा था। उसकी निगाहें, जॉनी पर व एक हाथ अपनी जेब में था। फिलहाल हर आदमी का लक्ष्य निश्चित था। पार्टी जोरों से चल रही थी। घड़ी की सुईयां भी टिक-टिक करती हुई अपने लक्ष्य की ओर बढ़ रहीं थीं।