• If you are trying to reset your account password then don't forget to check spam folder in your mailbox. Also Mark it as "not spam" or you won't be able to click on the link.

Thriller THE KILLER

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
Last edited:

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
This is a short story.
 
  • Like
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग - १
​
राजनिवास खन्ना ने स्पिरिट लैंप पर रखे कांच के बर्तन में उबल रहे द्रव पर एक निगाह डाली और परखनली को माथे की ऊंचाई तक लाकर ध्यान पूर्वक देखने लगे जिसमें लाल और नीले रंग के दो द्रव पदार्थ आपस में घुल मिल रहे थे। राजनिवास खन्ना लगभग पैंसठ वर्ष के स्वस्थ और सुन्दर व्यक्ति थे जिनके क्लीन शेव्ड चेहरे पर बुद्धिमत्ता की छाप थी। राज खन्ना एक वैज्ञानिक दल के मुखिया थे जो आजकल एक गोपनीय प्रयोग में लगे हुए थे। बहुत सालों तक इनकी थ्योरी सरकारी महकमे को पसंद नहीं आई थी तो ये हाथ पर हाथ धरे सरकारी नौकरी करते रहे पर अब देश में नए दल की सरकार आ गई थी जो सिन्हा साहब की थ्योरी से इत्तफाक रखती थी और अब इन्हें सत्तारूढ़ दल का पूरा समर्थन प्राप्त था और इन्हें अच्छा खासा धन भी मुहैय्या करवा दिया गया था तो खन्ना साहब रात दिन परिश्रम करके अपने प्रयोगों को किया करते थे और सफलता के करीब थे।



आज खन्ना साहब के सारे सहयोगी काम खत्म करके चले गए थे पर खन्ना साहब प्रयोगशाला में रुके गए। उन्हें किसी नतीजे का इंतजार था जिसके लिए वे कल तक प्रतीक्षा नहीं कर सकते थे। किसी काम में जुट जाने पर उन्हें भूख-प्यास थकान का कोई आभास नहीं होता था। खन्ना साहब ने परखनली के द्रवों को अच्छी तरह मिलाया और सावधानीपूर्वक उसे स्पिरिट लैंप पर बीकर में उबल रहे द्रव में उलट दिया। एक तीव्र रासायनिक क्रिया आरम्भ हुई पहले बीकर में से खूब तीव्र लपट निकली फिर गाढ़े हरे रंग का धुआं वातावरण में फैलने लगा। खन्ना साहब ने संतुष्टिपूर्ण ढंग से सिर हिलाया फिर पास बैठी कुर्सी पर बैठ गए और इन्तजार करने लगे।



कुछ देर बाद उन्होंने उठ कर बीकर में से थोड़ा द्रव शीशे की नली द्वारा बाहर निकाला और एक शीशे की बरनी में बन्द चूहे के पास गए और ऊपर मौजूद उस छेद द्वारा उस चूहे पर छिड़क दिया जो उसके सांस लेने के लिए बनाया गया था। इस क्रिया की भीषण प्रतिक्रिया हुई। चूहा इतनी जोर से उछला कि शीशे की बरनी उलट गई और बेलकर टेबल के नीचे आ गिरी और चूर-चूर हो गई। चूहा थोड़ी देर छटपटाता रहा फिर उसमें अविश्वसनीय परिवर्तन शुरू हुए। अचानक वह फूलने लगा और देखते ही देखते उसका आकार लगभग दुगना हो गया। उसके पैने दांत खूब बाहर तक निकल आये उसकी मुख मुद्रा भयानक भेड़िये जैसी हो गई और वो दांत किटकिटाता हुआ खन्ना की ओर बढ़ा। खन्ना साहब डर से गए और चौंक कर कुछ कदम पीछे हो गए। एक पल को उसने।
दांत किटकिटाते हुए स्थिति का जायजा लिया फिर भयानक रूप से गुर्राते हुए सिन्हा पर छलांग लगा दी और इसके पहले कि वे बच पाते वो उनके कन्धे पर बैठा उनके कान को कुतर चुका था। पीड़ा से बिलबिलाते हुए खन्ना ने अपने हाथ से उसे दूर झटक दिया तो वो जाकर एक विशाल बरनी से टकराया और उसे तोड़ता हुआ भूमि पर गिर पड़ा। बरनी में जमा पदार्थ भूमि पर बिखरा और चूहा उसमें बुरी तरह सन गया। फिर जो हुआ उसने तो खन्ना की रुह कंपा कर रख दी।

....
 
Last edited:
  • Wow
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग - २​

राजनिवास खन्ना की आँखें तब फटी की फटी रह गईं, जब उन्होंने पाया कि वह भयानक चूहा बुरी तरह छटपटाने के बाद फूलकर बहुत बड़ा हो गया और हलकी सी आवाज के बाद फट पड़ा और उसके मृत शरीर से भारी मात्रा में कुछ जंतु निकलने लगे जो बड़े ही विचित्र थे। उनकी आठ बड़ी-बड़ी टांगें थीं माथे के बीचों-बीच केवल एक आँख और नाक की जगह एक लंबी नोकदार सूंड जो किसी इंजेक्शन की सुई जैसी लग रही थी।

उन जीवों ने बाहर निकलते ही उत्पात मचाना शुरू कर दिया। वे सर्वभक्षी लग रहे थे और महा भूखे। उन्होंने हर चीज को कुतरना और खाना शुरू कर दिया। खन्ना के हाथ पाँव फूल गए। उन्होंने पास पड़ी हुई भारी किताब उठाई और एक जंतु पर दे मारी उसका मलीदा बन गया और गाढ़े हरे रंग का खून बह निकला। खन्ना जल्दी-जल्दी किताब उठा कर उनपर पटकने लगे। कई जंतुओं का खात्मा हो गया पर बाकी के बड़ी तेजी से चीजों को खाकर ख़त्म करने में लगे हुए थे। और आश्चर्य यह कि उनका आकार भी भोजन करने पर बढ़ने लगा था।

अचानक खन्ना को आभास हुआ कि उनकी दाईं टांग और पीठ पर भयानक जलन हो रही है। उन्होंने देखा कि एक जंतु उनकी टांग से चिपटा हुआ उसे कुतर रहा है वे समझ गए कि दूसरा जंतु जरूर पीठ पर चिपटा हुआ है। उन्होंने एक पैर से टांग पर चिपके जंतु को मसल दिया और पीठ पर चिपके जंतु को हटाने की जुगत में लग गए पर उनका हाथ वहाँ तक पहुँच नहीं पा रहा था और पीठ पर चिपका जंतु बुरी तरह उनकी चमड़ी को काटकर अब मांस में धंस रहा था तो खन्ना छटपटाते हुए पीठ के बल गिर पड़े और बुरी तरह पीठ को भूमि पर रगड़ने लगे। जंतु दब कर मर गया पर अब तक एक दो और उनसे चिपक चुके थे। खन्ना भारी मुसीबत में फंस चुके थे।

दीवार पर आग बुझाने का यंत्र लगा हुआ था खन्ना ने सोचा कि शायद उसके रसायन से इन जंतुओं के खात्मे में मदद मिल सके तो वे हिम्मत करके दीवार की ओर लपके। कई जगह से भयानक जंतु खन्ना को काट कर उनका लहू पी रहे थे पर अदम्य साहस दिखाते हुए वे दीवार तक पहुँच कर यंत्र उतारने में कामयाब हो गए और उसे उतार कर उन्होंने रसायन का छिड़काव आरम्भ कर दिया। इसका बड़ा सकारात्मक परिणाम सामने आया। रसायन का छिड़काव होते ही जंतु खन्ना को छोड़ कर नीचे गिर पड़े और बुरी तरह छटपटाते हुए मरने लगे। खन्ना की जान में जान आई। वे घूम-घूम कर जंतुओं पर रसायन का छिड़काव करते हुए उन्हें परलोक भेजने लगे।

सारे जंतुओं के खात्मे के बाद खन्ना ने चैन की सांस ली और कुर्सी पर जाकर ढह से गए। वे बुरी तरह थक गए थे और उनके बदन से कई जगह रक्त रिस रहा था। वे बैठे हांफ से रहे थे कि अचानक एक जंतु मेज के कोने से प्रकट हुआ जो अपनी लाल इकलौती आँख से खन्ना को घूर रहा था और इनपर झपटने की ही मुद्रा में था। खूब पेट पूजा कर चुकने के कारण उसका आकार काफी बड़ा हो गया था। खन्ना हड़बड़ा कर उठे कि यंत्र लेकर उसपर रसायन छिड़क सकें पर उनका पाँव फिसल गया बचने के लिए उन्होंने हाथ फैलाया तो टेबल पर स्पिरिट लैंप पर कुछ देर पहले उबल रहा रसायन जो अब ठंडा हो चुका था उसकी चपेट में आ गया और झटके से हवा में उछल कर खन्ना की देह पर आ गिरा। खन्ना को भयानक पीड़ा महसूस हुई। उनका बदन ऐंठने लगा। शरीर के अंदर तक भारी हलचल होने लगी। वे भूमि पर गिर कर बुरी तरह तड़पने लगे।


...
 
  • Love
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग - ३​

काफी सारा रसायन खन्ना की देह पर गिरा था और वे भूमि पर पड़े त्वचा की जलन से तड़प रहे थे। ऊपर टेबल पर बीकर आड़ा पड़ा इधर-उधर झूल रहा था कि भयानक जंतु ने टेबल पर छलांग लगाईं और बीकर लुढ़क कर खन्ना के मुंह पर आ गिरा। उस समय खन्ना दर्द से तड़प रहे थे तो खन्ना का मुंह खुला हुआ था और वे चिल्ला रहे थे तो बीकर का द्रव उनके मुख से होता हुआ पेट तक चला गया। उन्हें ऐसा लगा मानो तेज़ाब की एक लकीर भीतर का सब कुछ जलाती हुई अंदर पहुँच गई है। कुछ देर छटपटाने के बाद खन्ना के शरीर में अजीब से परिवर्तन होने लगे। उनका शरीर धीरे-धीरे फूलने लगा और बदन पर बाल बढ़ने लगे। खन्ना आश्चर्यचकित से देखते रह गए उनके हाथों और पैरों के नाखून खूब लंबे और पैने हो गए। केनाइल दांत भी लंबे होकर होंठों से बाहर निकल आये। शरीर की वृद्धि से उनके कपड़े फट कर झूलने लगे और वे एक दम किसी विशाल पशु जैसे दिखाई देने लगे। एकदम पशु बन चुकने के बाद खन्ना ने अपने प्रतिद्वंदी जंतु को घूरा जो खुद विस्मय से उन्हें देख रहा था। खन्ना भयानक रूप से गुर्राते हुए जंतु पर झपटे तो वह अपनी आठ टांगों पर चलता हुआ काफी तेजी से भाग खड़ा हुआ, पर खन्ना की रफ्तार अप्रत्याशित रूप से तेज निकली उसके दूर निकलने के पहले ही खन्ना उसके सिर पर पहुँच कर झपट्टा मार चुके थे और पंजे से उसके शरीर को छिन्न- भिन्न करके उन्होंने उसे मुंह में डाल लिया और चबा गए।

खन्ना का दिमाग अब उस रसायन के प्रभाव में था और उनसे पशुवत व्यवहार करवा रहा था। उनके दिमाग के दो हिस्से हो चुके थे जिनमें से एक उन्हें संयत होने की गुहार कर रहा था और दूसरा हिस्सा पाशविकता की ओर धकेल रहा था। वे गरजते हुए प्रयोगशाला के बाहर आये और इधर-उधर देखने लगे। बाहर दरवाजे के पास वाचमैन रघुवीर अपना डंडा लिए स्टूल पर बैठ कर ऊँघ रहा था। खन्ना किसी विशाल गोरिल्ले की तरह चार पैरों पर चलते हुए उसके पीछे पहुंचे और एक हाथ से उसकी गर्दन पकड़कर उसे हवा में ऊँचा उठा लिया। सचेत होने पर उसने इस भयानक पशु को अपने ऊपर हमलावर पाया तो भय से उसकी घिग्घी बंध गई। उसके पाँव हवा में लहरा रहे थे और वो जान बचाने के लिए हाथ पाँव मार रहा था। उसका डंडा अभी उसके हाथ में ही था जिसे घुमाकर उसने जोर से खन्ना की आँख पर वार किया। जोरदार चोट लगने से पशु रूपी खन्ना जोर से चिंघाड़े और उनके हाथ से चौकीदार की गर्दन छूट गई वो जान बचाकर सरपट भागा लेकिन खन्ना ने अभूतपूर्व तेजी के साथ उसे लोहे के गेट के पास पकड़ लिया और क्रोध में भरकर उसका सिर दीवार से टकरा दिया। एक ही झटके में उसका सिर तरबूज की तरह फट गया और वह निष्प्राण होकर खन्ना की बांहों में झूल गया। खन्ना ने अपने बाघ जैसे पंजों से उसके शरीर को चीर-फाड़ दिया और हाथों से मसल-मसल कर उसे खाने लगे। वातावरण में हड्डियां चटकने की आवाजें उठ रही थी। खन्ना एकदम किसी हिंस्र पशु की तरह मानव शव का भक्षण कर रहे थे। उनका अवतार बहुत विकराल लग रहा था। मानव रक्त का स्वाद ले चुकने के बाद वे धीरे-धीरे चलते हुए फिर प्रयोगशाला में आये और वहीं लेट गए। कुछ देर में उन्हें नींद आ गई।

सुबह चिड़ियों की चहचहाहट से खन्ना की आँख खुली। आदतानुसार उन्होंने पलंग के सिरहाने पर रखी शिव की मूर्ति को देखना चाहा तो पाया कि यह उनका शयनकक्ष नहीं है। वे किसी अनजान जगह पर भूमि पर लेटे हुए हैं। वे घबराकर उठे तो पाया कि वे निर्वस्त्र प्रयोगशाला की जमीन पर लेटे हैं और आस-पास भयानक मंज़र है। उन्हें कल रात की भयानक घटनाएं याद आईं तो वे काँप गए। उन्होंने झपट कर आईने में खुद को देखा तो वे बिलकुल सामान्य थे। उन्होंने एक एप्रन उठा कर कमर में बाँधा और दौड़कर बाहर निकले। गेट के पास रघुवीर का छिन्न-भिन्न शव पड़ा हुआ था। जिसे देखकर लगता था कि उसे बुरी तरह भंभोड़ा गया है। खन्ना को उलटी सी आने लगी। वे वापस प्रयोगशाला में गए और दोनों हाथों से चेहरा छुपा कर सुबकने लगे।


....
 
  • Love
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग - ४​


थोड़ी देर बाद खन्ना उठ खड़े हुए। आखिर वे एक वैज्ञानिक थे और प्रयोगों की सफलता और असफलता उनके जीवन के अंग थे। उन्होंने पानी के पाईप से प्रयोगशाला की सफाई शुरू कर दी। आधे घंटे में उन्होंने प्रयोगशाला से दुर्घटना के सभी सबूत मिटा दिए। अपना चिथड़ा हो चुका सूट उन्होंने इलेक्ट्रिक भट्ठी में डाल कर जला दिया जिसपर रक्त के निशान थे और अपना एप्रन पहन कर प्रयोगशाला को ताला लगाया और बंगले की ओर चल दिए। यह प्रयोगशाला एक निर्जन स्थान पर स्थित थी जहाँ किसी बाहरी व्यक्ति का प्रवेश निषिद्ध था। खन्ना अपने कुछ साथियों के साथ गुप्त प्रयोग में लगे थे तो ये सब प्रयोगशाला परिसर में ही परिवार सहित रहते थे और बाहर की दुनिया से इनका लेन-देन न के बराबर था। यह जगह सेना की कड़ी निगरानी में थी। सबके आवास किले जैसी मजबूत चहारदीवारी में बने हुए थे जिसके ऊपर कांटेदार तार की बाड़ थी और उनमें बिजली का करेण्ट दौड़ता रहता था। जरूरत की सारी चीजें सेना के एक ट्रक द्वारा पंद्रह दिन में एक बार अंदर पहुंचा दी जाती थी। खन्ना का घर आने-जाने का कोई नियत समय नहीं था तो उनके पास अपने बंगले के पिछवाड़े की एक चाबी थी जिसके सहारे वे कभी भी पत्नी को डिस्टर्ब किये बिना आवा-जाही कर सकते थे। अब वातावरण में धीरे- धीरे सुबह का उजाला फैलने लगा था। खन्ना खामोशी से बंगले के पिछवाड़े से घर के भीतर दाखिल हुए। बेडरूम में उनकी पत्नी शान्ति से सोई हुई थी। इन्होंने बिना कोई आवाज किये चुपचाप अपना एप्रन उतारा और स्लीपिंग ड्रेस पहन कर पलंग के हवाले हो गए।

उन्हें नींद तो खाक आनी थी पर कम्बल ओढ़े पड़े रहे। कल रात की घटनाएं याद करके अभी तक उनके रोंगटे खड़े हो रहे थे। पत्नी कुछ देर में उठ कर अपने रूटीन काम काज में लग गई और खन्ना बवाल की प्रतीक्षा करने लगे। जो उनकी उम्मीद से भी जल्दी हो गया। दरअसल एक सैनिक किसी काम से प्रयोगशाला के बाहर से गुजर रहा था तो उसने लोहे के गेट के भीतर पड़े चौकीदार के शव को देख कर शोर मचा दिया और तुरंत आला सुरक्षा अधिकारी आ पहुंचे। खन्ना को सूचित किया गया तो वे भी आँखें मलने का नाटक करते हुए हाजिर हुए। रघुवीर का शव देखते ही हिंसक पशु की करतूत का अंदेशा हो रहा था पर ऐसी सख्त सुरक्षा वाली जगह पर पशु कहाँ से आया और वारदात करके लौट गया यह आश्चर्य का विषय था। खन्ना से रूटीन पूछताछ हुई और रघुवीर का शव पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया गया। खन्ना बंगले पर लौट आये और उस दिन तबीयत खराब होने का बहाना करके प्रयोगशाला नहीं गए। उनका मुख्य सहायक रविकांत घर आकर उनसे मिल कर निर्देश लेकर चला गया।

शाम हो गई। दिनभर आराम करने के बाद खन्ना खुद को काफी तरोताजा महसूस कर रहे थे। रात को भोजन करने बैठे तो उन्हें खाना बहुत फीका और बेस्वाद मालूम पड़ा। मानो जीभ चीख-चीख कर कुछ और मांग रही हो। खन्ना बेहद डर गए और आधा पेट खाकर ही उठ गए। पत्नी ने भी सोचा शायद अस्वस्थता के कारण ऐसा हो तो उसने भी जिद नहीं की। फिर दोनों सो गए।

आधी रात को अचानक खन्ना की आँख खुल गई। कुछ देर तक वे बेचैनी से करवटें बदलते रहे फिर उठकर खड़े हो गए। उन्होंने अपनी चाबी उठाई और यंत्रचालित से पिछवाड़े के रास्ते बंगले के बाहर आ गए। थोड़ी देर वे निरर्थक इधर-उधर घूमते रहे। उनके भीतर पाशविकता जाग उठी थी। वे अपनी भुजाओं में अपरिमित बल महसूस कर रहे थे कल की तरह उनका आकार और रूप तो नहीं बदल रहा था, परन्तु मानसिक तौर पर वे कल की तरह ही महसूस करने लगे। उनका दिमाग उन्हें बार-बार लौट चलने को कह रहा था पर पाशविकता के जोर के चलते वे दिमाग का कहा अनसुना करते रहे। चलते-चलते वे एक बंगले के पिछवाड़े पहुंचे जहां एक भयानक बुलडॉग जंजीर से बंधा हुआ था। वह इनके आने का आभास पाकर जोर-जोर से भौंकने और उछलने लगा। खन्ना अप्रत्याशित तेजी से उस तक पहुंचे और किसी अज्ञात भावना से प्रेरित होकर उन्होंने आसानी से उसका गला दबोच लिया। अपनी बाजुओं की ताकत पर वे खुद आश्चर्य चकित थे। कुत्ते ने बहुत कोशिश की पर इनके चंगुल से छूट न सका। इन्होंने आसानी से उसका गला दबाकर उसे ख़त्म कर दिया। कुत्ते की आँखें और जुबान बाहर को निकल आये थे और उस चांदनी रात में उसका शव बहुत भयानक लग रहा था। खन्ना इतने पर ही नहीं रुके उन्होंने अपनी उँगलियों से ही उसे चीर फाड़ दिया और उसके मांस को खाने की कोशिश की फिर पसन्द न आने पर मुँह बिचका कर चल दिए। पता नहीं क्यों वे भीतर बहुत खुशी महसूस कर रहे थे। एक अजीब सी ताकत का नशा उनपर हावी हो रहा था।


....
 
  • Wow
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग - ५​


अगले दिन वहाँ हड़कंप मच गया। कुत्ते की अधखाई लाश मिलने पर वहाँ किसी हिंसक पशु के विद्यमान होने की पुष्टि हो गई। सेना ने पूरे इलाके को खंगालना शुरू कर दिया। शाम होते ही पूरे इलाके में मरघट का सन्नाटा छा गया। सभी लोग सावधान हो गए और अपने घरों में दुबक कर बैठ गए। सेना ने हिंसक पशु के पकड़े जाने तक सभी को अँधेरे में निकलने से मना कर दिया। वैज्ञानिक दल के मुखिया होने के नाते खन्ना ने भी सभी बैठकों में बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया और अपने सुझाव पेश किये। फिर वे अपनी प्रयोगशाला में व्यस्त हो गए। धीरे-धीरे शाम गहरा गई। सारे वैज्ञानिक खन्ना सर से छुट्टी लेकर विदा हो गए, केवल खन्ना और उनका सहायक रविकांत प्रयोगशाला में रह गए। रविकांत भी जाना चाहता था पर खन्ना ने उसे रुकने को कहा क्योंकि आज खन्ना एक प्रयोग के परिणाम पर पहुँचने वाले थे। रवि बहुत जहीन लड़का था बहुत कम समय में उसने खन्ना सर के मुख्य सहायक होने का गौरव हासिल कर लिया था और इस बात पर उसे गर्व भी था। खन्ना की अपनी कोई संतान नहीं थी और वे रवि को पुत्रवत् ही मानते थे। शाम गहराने के पहले खन्ना के दिमाग में केवल वैज्ञानिक उधेड़बुन ही चल रही थी पर जैसे जैसे अँधेरा बढ़ा उनके शरीर में रसायन ने उथल-पुथल मचानी शुरू कर दी। उनका मन प्रयोग से उचटने लगा और उनकी जीभ मानो लपलपाने लगी। एक तरफ उनका दिमाग उन्हें बार-बार चेतावनी दे रहा था कि खुद को संभालो पर दूसरी तरफ शैतानियत उनपर हावी होती जा रही थी।

पर खन्ना बहुत पढ़े-लिखे और बुद्धिमान व्यक्ति थे। उन्होंने खुद पर किसी तरह काबू किया और रवि से प्रयोग बंद करने को कहा। रवि आश्चर्यचकित हो उठा क्यों कि वे मंजिल के बहुत करीब थे और अभी इसे बंद करने का मतलब था कल फिर ए बी सी डी से आरम्भ करना होगा। उसने प्रतिवाद के लिए मुंह खोला तो खन्ना का चेहरा देखकर भय से जड़ हो गया। खन्ना का चेहरा रक्ताभ हो चुका था मानो पूरे शरीर का खून चेहरे पर ही आकर जमा हो चुका हो और वे किसी चीज को लेकर भारी पशोपेश में हों। उन्होंने चीख कर रवि को प्रयोग बंद करने को कहा और उठ कर जाने लगे। घबराये हुए रविकांत ने फौरन स्पिरिट लैंप बंद किया और अपनी फ़ाइल उठाई कि बगल में पड़े पेपर कटर से उसकी उंगली बुरी तरह कट गई और वो चीख पड़ा। इस बीच खन्ना दरवाजे तक पहुँच चुके थे। वे चीख सुनकर बिजली की तेजी से मुड़े और रविकांत अपनी कटी हुई उंगली मुंह तक ले जा पाता उससे पहले ही झपट कर उस तक पहुँच गए और उसकी उंगली से बहता रक्त चूसने लगे। उनकी अप्रत्याशित तेजी देखकर रवि चकित रह गया। अभी तक रवि का ध्यान अपनी उंगली पर ही था कि अचानक उसने खन्ना के चेहरे पर निगाह डाली और उनकी आँखें देखकर वह भय से जड़ हो गया। वे आँखें किसी इंसान की नहीं लग रही थीं रवि को लगा मानो कोई हैवान उसका रक्त चूस रहा है। उसने झटके से अपना हाथ छुड़ा लिया और देखा कि खन्ना के चूसने की वजह से रक्त और तेजी से बहने लगा था।

अभी खन्ना का दिमाग पूरी तरह बेकाबू नहीं हुआ था तो उन्होंने रवि को जाने को कहा। रवि झपट कर प्रयोगशाला के बाहर निकला और तेजी से अपने घर की ओर बढ़ गया। खन्ना भी दरवाजे पर आये और उसकी पीठ पर आँख गड़ाये उसे देखते रहे फिर जब वह झाड़ियों की ओट में गुम हो गया तो खन्ना भी बला की तेजी से उसी ओर झपट पड़े। वातावरण में अँधेरा छा चुका था। उस अँधेरे में खन्ना की आँखें किसी जानवर की तरह चमक रही थी मानो दो जलती हुई चिंगारियां हों।

खन्ना ने काफी लंबा फासला बहुत जल्दी तय कर लिया। अब वे रवि के बहुत नजदीक थे। रवि एक हाथ से अपनी कटी हुई उंगली पकड़े तेजी से बढ़ा जा रहा था कि खन्ना बेआवाज उसके पीछे पहुँच गए। उनका दिमाग अब नशे की हालत में था। रसायन ने उनपर भयानक असर दिखाना शुरू किया। खन्ना ने अपना हाथ बढ़ाया और रवि के कंधे को दबोच लिया।


...
 
  • Like
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग - ६​


पहले दिन जब खन्ना रसायन के प्रभाव से पशु बने थे, तब उनकी अक्ल भी पशुवत ही हो गयी थी और एक जुनून के चलते उन्होंने रघुवीर को मार डाला था पर अब रसायन का प्रभाव धीरे-धीरे कम हो जाने के कारण उनका दिमाग पूरी तरह उनका साथ नहीं छोड़ता था। किन्तु मानव रक्त चख लेने के उपरान्त उनके भीतर उसकी अदम्य प्यास बढ़ गई थी। जैसे ही उन्होंने रवि के कंधे पर हाथ रखा उनकी उँगलियों के नाखून कुछ सेंटीमीटर बाहर निकल आये और तीक्ष्ण हो गए। चेहरा कुछ विकृत सा हो गया और जुबान थोड़ी बाहर निकल आई। रवि घबरा कर पलटा तब तक दोनों भारी प्रकाश में नहा गए। सेना की एक टुकड़ी भारी सर्चलाइट लिए गश्त कर रही थी। उन्होंने इन दोनों को घेर लिया। सेकण्ड के सौंवे हिस्से में खन्ना सामान्य हो गए। टुकड़ी के कमांडर ने पास आकर इन्हें पहचाना और सलाम करते हुए अँधेरे में न भटकने की हिदायत दी। खन्ना ने फौरन उसकी बात का समर्थन किया। सैनिक टुकड़ी गश्त पर आगे बढ़ गई तो खन्ना रविकांत से प्रयोग के किसी महत्वपूर्ण पहलू पर विचार विमर्श करने लगे परन्तु रवि का ध्यान उधर लग ही नहीं रहा था फिर खन्ना रवि को कुछ समझा कर अपने बंगले की ओर लौट गए। रवि अपने मकान पर पहुंचा और प्राथमिक उपचार पेटी से दवा निकालकर उँगली पर लगाईं और पट्टी बाँध दी फिर कपड़े उतार कर उसने अपने कंधे का निरीक्षण किया तो बुरी तरह चौंक पड़ा। उसके कंधे पर साफ़-साफ़ किसी बाघ या चीते के पंजे से खरोंचे जाने का निशान था। रवि भारी असमंजस में पड़ गया। वह अभी भी अपने कंधे पर खन्ना के पंजे का दबाव महसूस कर रहा था। उसने अपने आई फोन से कंधे की खरोंच के कई फोटो लिए और कम्प्यूटर में ट्रान्सफर करके उनकी हार्ड कॉपी प्रिंटर से निकाल ली। फिर वह सोने का प्रयत्न करने लगा पर नींद उसकी आँखों से कोसों दूर थी। उसे बार-बार उँगली कटने पर खन्ना का झपटना और खून चूसने तथा उस समय की उनकी विकृत पाशविक मुद्रा का ध्यान आता रहा। फिर न जाने कब उसे नींद आ गई।

सुबह नियमित अलार्म बजने पर रविकांत की नींद खुली तो उसने आदतन टीवी का रिमोट उठाया और न्यूज चैनल ऑन कर दिया। रवि टीवी पर केवल न्यूज़ और डिस्कवरी और हिस्ट्री जैसे चैनल देखता था। पहले समाचार ने ही उसे चौंक कर उठ बैठने पर मजबूर कर दिया। कल देर रात सेना के एक बुजुर्ग खानसामे को दरिंदे ने मार डाला था और उसे आधा खा लिया था। वह जगह यहां से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर थी। रवि ने तुरन्त सेना पुलिस के कार्यालय में फोन किया तो उसे पता चला कि खानसामे का शव अभी हॉस्पिटल के मोर्ग अर्थात शवगृह में रखा हुआ है और दोपहर को उसका पोस्टमार्टम होना है। रविकांत फौरन कपड़े बदल कर बाहर आया और अपनी बुलेट मोटरसाइकिल लेकर हॉस्पिटल की ओर चल दिया।

मोर्ग प्रबन्धक ने पहले तो रवि को लाश दिखाने से साफ़ मना कर दिया पर रवि ने मुख्य जांच अधिकारी थापा से बात की और अपना परिचय देते हुए किसी महत्वपूर्ण बात का खुलासा करने की बात कही तो थापा के आदेश पर मोर्ग प्रबन्धक रवि को मोर्ग में ले गया। यहां लगभग फ्रिज के अंदरूनी भाग जैसी ठंडी जगह थी जहां दीवारों से लगकर स्टील की बड़ी-बड़ी अलमारियां लगी हुई थी जिनमें दरारें थीं। हर दराज इस आकार की थी जिनमें मानव शरीर आराम से लिटाया जा सके। मोर्ग प्रबन्धक ने एक दराज के पास जाकर उसे बाहर खींचा तो वह निःशब्द बाहर निकल आया और उसमें खानसामें का क्षत विक्षत शव पड़ा था। उसकी अवस्था देखकर रविकांत को उबकाई आने लगी। उसका आधा चेहरा दांतों से उधेड़ डाला गया था। एक आँख गायब थी और पूरे शरीर पर भी जगह जगह नोचें जाने के निशान थे। रविकांत ने फिर आई फोन से उसके शरीर पर लगे पंजों के निशान की फोटो ली और फौरन बाहर निकल आया क्यों कि वहां की भयानक ठण्ड में अब उसे कंपकंपी लगने लगी थी।

घर आकर उसने नए फोटुओँ की भी कॉपी निकाली और कॉफी का मग हाथ में लेकर अपने और खानसामा के बदन की खरोंचों का तुलनात्मक अध्ययन करने लगा। कुछ देर देखने के बाद उसने एक सिगरेट सुलगाई और आराम कुर्सी पर लेट कर गहन सोच में डूब गया। उसके चेहरे पर उलझन के भाव स्पष्ट दृष्टिगोचर हो रहे थे।
 
  • Love
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग - ७​

अगले दिन खन्ना बिलकुल सामान्य से प्रयोगशाला में आये और कार्यरत हो गए। रविकांत उनसे निगाह बचाने की कोशिश करता रहा पर चुपके चुपके उनका सर्वांग निरीक्षण करता रहा। उसने पाया कि खन्ना के नाखून थोड़े से बढ़े हुए जरूर थे परन्तु सामान्य मनुष्यों जैसे ही थे। इन नाखूनों से पशु जैसी खरोंच नहीं मारी जा सकती थी। अलबत्ता उनकी आँखों में कुछ अजीब सी चमक जरूर थी। दोपहर को लंच के समय रवि ने अपनी साथी सिल्विया को धीमे-धीमे शब्दों में सब कुछ बता दिया। सिल्विया परेरा गेंहुए रंग की गोवानी लड़की थी जिसके माता पिता गोवा में ही रहते थे और वो यहाँ वैज्ञानिक अनुसंधान केंद्र में कार्यरत थी। उसके घर वालों की नजर में वो भाभा एटॉमिक रिसर्च सेंटर की रिसेप्शनिस्ट थी पर असल में वो एक वैज्ञानिक थी और एक गुप्त जैविक प्रयोग का हिस्सा थी। रविकांत उसका कालेज से मित्र था और दोनों की गाढ़ी छनती थी।

रवि की बातें सुनकर पहले तो उसे विश्वास ही नहीं हुआ पर जब रवि ने सबकी आँख बचाकर अपना सफेद कोट कंधे से सरकाकर उसे खरोंचें दिखाईं तो उसकी आँखें आश्चर्य से फटी की फटी रह गयीं। वो साफ-साफ भयभीत दिखाई पड़ने लगी और बार-बार घबराकर खन्ना की ओर देखने लगी। वो अपने मनोभाव छुपा सकने में उतनी कुशल नहीं थी। रवि ने दबे शब्दों में उसे शांत रहने को कहा पर खन्ना जैसे जहीन आदमी ने सिल्विया की बेचैनी को भांप लिया। थोड़ी देर बाद सिल्विया ने तबीयत खराब होने का बहाना करके छुट्टी ले ली और अपने घर चली गई। वैसे उसे सचमुच बेचैनी जैसी हो रही थी और उसका मन घबराने लगा था। सिल्विया जा रही थी तब खन्ना तीर जैसी नजरों से उसे देख रहे थे और यह बात रविकांत की निगाह से भी बची न रह सकी।

उस दिन खन्ना ने ठीक समय पर प्रयोगशाला को बंद करने का आदेश दिया और घर चले गए। रविकांत ने भी अपने प्रयोग बंद किये और कुछ देर कॉपी में कुछ जोड़ घटाना करता रहा। उसके सभी साथी हाय-बाय करके चलते बने। बाहर साँझ का झुटपुटा हो रहा था। रविकांत विशाल प्रयोगशाला में अकेला बैठा अपने लेखन में मशगूल था। अचानक उसने अपने कंधे पर किसी का हाथ पाया तो उसकी विचार श्रृंखला टूट गई और वो चौंक कर पीछे मुड़ा तो उसने पाया कि प्रयोगशाला का नया चौकीदार रफीक खान उसे घर जाने को कह रहा था। वो अब प्रयोगशाला में ताला लगाना चाहता था। रविकांत ने सहमति में सिर हिलाया और अपनी चीजें समेटकर रवाना हो गया।

उधर सिल्विया घर पहुंची तो बेहद घबराई हुई थी। वह खन्ना की कल्पना दरिंदे के रूप में नहीं कर पा रही थी पर रवि उसका पुराना और अच्छा मित्र था। उसकी बातों पर अविश्वास भी कैसे करती। पर रवि के पास भी अभी कोई पुख्ता सबूत नहीं था। वह केवल खरोंच के आधार पर अटकलबाजी कर रहा था और वैज्ञानिक होने के नाते सिल्विया जानती थी कि अटकलबाजी का कोई अर्थ नहीं था, जब तक अकाट्य साक्ष्य न हो। वैसे जिस जैविक प्रयोग में इनका दल लगा हुआ था उसके मद्देनजर किसी भी तरह की घटना या दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता था। सिल्विया ने अपना डेस्कटॉप कंप्यूटर ऑन किया और गूगल पर इस तरह की घटनाओं का ब्यौरा खंगालने लगी। उसने द्वितीय विश्वयुद्ध के समय नाजी वैज्ञानिकों द्वारा किये गए कारनामों के बारे में पढ़ा जिसमें हिटलर के आदेश से कई जैविक प्रयोग किये गए थे। कई यहूदियों को काट-पीट कर हिटलर ने कई तरह के प्रयोग करके सुपर मानव जैसी कोई चीज बनवाने की कोशिश की थी पर असफल रहा था। आधा मानव आधा पशु जैसा कोई चित्र भी सिल्विया ने देखा तो उसकी रीढ़ की हड्डी में सिहरन फैल गई। सिल्विया जब बहुत तनाव में होती थी तो उसके मन के सारे भाव और उसके उद्गार खुद ब खुद उसके मुंह से निकलने लगते थे। उसे पता भी नहीं चलता था और वो बड़बड़ करती रहती थी। आज भी अनजाने में वो खुद से बातें करती रही। क्या खन्ना की खूनी दरिंदे हैं? क्या वक्त पर सैनिक टुकड़ी न पहुँच जाती तो कल रात रविकांत भी उनका शिकार हो सकता था? इतना सोचते और बोलते हुए उसके बदन के सारे रोंगटे खड़े हो गए। उसे अकेले में भय लगने लगा। बुरी तरह कांपते और जीसस का नाम रटते हुए उसने कम्प्यूटर बंद किया और अपना मोबाइल उठा कर रविकांत का नंबर पंच किया और घूमी कि भय से जड़ हो गयी। उसका चेहरा सफ़ेद पड़ गया मानो बदन का सारा रक्त निचुड़ गया हो। उसके हाथ से मोबाइल छूट कर गिर गया और वो बेहोश सी होने लगी। सामने कुर्सी पर बैठे खन्ना ठंडी निगाहों से उसे घूर रहे थे।
 
  • Wow
Reactions: SHADOW KING

Rawat@7

Bad Is Never Good Until Worse Happens.
759
1,062
139
भाग ~ ८​


जब रविकांत सिल्विया से खुसुर-फुसुर कर रहा था तभी खन्ना की नजर उनपर थी और जब रवि ने अपने कंधे की खरोंचे उसे दिखाई तो वह दृश्य खन्ना ने देख लिया था। फिर सिल्विया का असामान्य व्यवहार देखकर उन्हें बात समझते देर न लगी। जब उन्होंने प्रयोग बंद करवाये और अपने घर को रवाना हुए तब एक लंबा चक्कर लगाकर सिल्विया के घर पहुँच गए और दरवाजे की कुण्डी हाथ से ही सरलता से तोड़ दी और उस छिद्र से उँगली भीतर डालकर सिटकिनी खोली और दबे पाँव आकर सिल्विया के पीछे कुर्सी पर बैठ गए। अब उनकी तेजी शक्ति और शिकार की क्षमता किसी भयानक पशु जैसी हो चुकी थी। अब उनमें ताकत तो दानव जैसी थी पर दिमाग एक जहीन वैज्ञानिक का था।

सिल्विया बेहोश होकर गिरने लगी तो खन्ना ने झपट कर उसे बांहों में थाम लिया और धीमे से सोफे पर लिटा दिया फिर उसके चेहरे पर पानी का छिड़काव करने लगे। सिल्विया होश में आई तो उन्हें देखकर भयभीत हो चीखने ही वाली थी कि खन्ना ने मुलायमियत से उसके मुंह पर हाथ रखा और प्रेम से बोले, पागल हो गई हो क्या बच्ची? उनकी साधारण मुख मुद्रा और मीठी वाणी का सिल्विया पर अपेक्षित परिणाम हुआ। वो शांत होने लगी और कांपते हुए बोली, "आप यहाँ क्यों आये हैं और भीतर कैसे आ गए? खन्ना हँसते हुए बोले मैं तुम्हारी तबीयत का हाल पूछने आया था बच्ची, और तुम बेध्यानी में दरवाजा बंद करना भूल गई थी तो मैं भीतर आ गया और तुम किसी महत्वपूर्ण कार्य में लगी थी तो मैं चुपचाप बैठकर इन्तजार करने लगा बस! और सुनाओ कैसी है अब तबीयत?

सिल्विया अब सामान्य सी होने लगी थी। उसे अपनी कमजोरी पर लज्जा भी आ रही थी वो झेंपते हुए बोली अब ठीक हूँ सर! फिर खन्ना ने कहा कि आजकल रविकांत की मानसिक हालत कुछ सही नहीं चल रही है, शायद काम के बोझ से उसका दिमाग उद्वेलित हो गया है। कल शाम ही उसने मुझसे कई उल-जलूल बातें कहीं। मैं इस बारे में भी तुमसे बात करना चाहता था क्योंकि तुम उसकी सबसे अच्छी मित्र हो। क्या तुम इस विषय पर कोई प्रकाश डाल सकती हो?

सिल्विया ने तोते की तरह खन्ना को सारा किस्सा कह सुनाया कि कैसे रविकांत को उनपर शक हो गया है और कल शाम कैसे खन्ना की उँगलियों से उसके कन्धे पर खरोंच आई और रवि खानसामे की लाश देख आया है और उसने अपनी और खानसामे की खरोंचों की फोटोग्राफी भी कर रखी है इत्यादि।

खन्ना ऊपर से शांत बने रहे पर भीतर से बुरी तरह हिल गए। अगर रविकांत यह बातें थापा के कानों तक पहुंचा देता तो उनका बचना असम्भव था। वैसे उन्हें सरकार से पद्मश्री मिल चुकी थी और इस वर्ष उनका नाम पद्मभूषण के लिए प्रस्तावित था। वे सरकार और जनता के बीच खूब लोकप्रिय थे उनके द्वारा बनाया गया ट्रस्ट समाज कल्याण और शिक्षा के क्षेत्र में खूब काम कर रहा था अगर उनका भांडा फूट जाता तो यह सब प्रतिष्ठा बर्बाद हो जाती। उन्होंने अपना एक्शन प्लान निर्धारित कर लिया।

वे प्रेम से सिल्विया को समझाने लगे कि रविकांत की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और उसे चिकित्सा की आवश्यकता है। उन्होंने सिल्विया से पूछा कि क्या वो अपने मित्र के इलाज के लिए उनका साथ देगी? उन्हें रविकांत से काफी आशाएं हैं और ऐसी फ़ालतू बातों पर सिर खपाने से उसका करियर बर्बाद हो जाएगा। यह भी उन्होंने सिल्विया को समझाया। सिल्विया समझ गई और रविकांत की भलाई के लिए वो खन्ना सर का हर आदेश मानने को तैयार हो गई।

खन्ना ने उसका धन्यवाद दिया फिर उठकर जाने के लिए खड़े हो गए। सिल्विया उन्हें दरवाजे तक छोड़ने आई तो खन्ना ने प्रेम से उसका चेहरा अपने दोनों हाथों में लिया और उसके माथे पर स्नेह का चुम्बन अंकित किया फिर उसकी नाजुक गर्दन सूखी ककड़ी की तरह तोड़ दी। उसकी जीवन ज्योति बुझ गई और वह निष्प्राण होकर गिर पड़ी।
 
  • Haha
Reactions: SHADOW KING
Top